विढमगंज (सोनभद्र)। झारखंड सीमा से सटे विंढमगंज रेलवे स्टेशन के पास रविवार की सुबह नौ बजे झारखंड पुलिस के जवान का शव मिला। रांची जिले के नवाटोला चर्च बाजार का रहने वाला सुशांत भाई टिग्गा (42) को सप्ताह भर पूर्व नगर ऊंटारी (वंशीधर नगर) थाने के जमादो उच्च प्राइमरी विद्यालय पर 29 अप्रैल को चौथे चरण के लिए होने वाले चुनाव को लेकर तैनात किया गया था। यहां से वह 26 जनवरी की सुबह छह बजे अचानक लापता हो गया, तभी से तलाश जारी थी।
विंढमगंज पुलिस को रविवार सुबह नौ बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि विंढमगंज रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पीडब्ल्यूआई आवास के पीछे एक व्यक्ति का शव है। पुलिस पहुंची तो देखा कि औंधे मुंह एक युवक की लाश पड़ी थी। कमर के नीचे सिर्फ चड्ढी थी और ऊपर जर्सी पहनी हुई थी। जर्सी के जेब की तलाशी ली तो उसमें से झारखंड पुलिस पुलिस परिचय पत्र, एटीएम कार्ड और परिवार से संबंधित कुछ फोटो प्राप्त हुए। विंढमगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने नगर ऊंटारी थाने को इसकी जानकारी दी। वहां से पहुंचे नगर ऊंटारी एसडीओ नीरज कुमार ने उसकी पहचान सुशांत के रूप में की। बताया कि उसे जमादो उच्च प्राइमरी विद्यालय पर तैनात किया गया था। 26 अप्रैल की सुबह छह बजे वहां से लापता हो गया था। तभी से तलाश जारी थी। बताते चलें कि शनिवार की शाम चार बजे झारखंड और उत्तर प्रदेश को बांटने वाली सतत वाहिनी नदी से लगे मुन्ना लाल के खेत में एक लावारिस हालत में बैग पड़ा मिला था। पुलिस की जांच में उसमें 95 जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी और एक डायरी पड़ी मिली, जिसमें कई लोगों के मोबाइल नंबर अंकित थी। इसकी भी विंढमगंज पुलिस ने नगर ऊंटारी पुलिस को सूचना दे दी थी। इसको बाद रविवार की सुबह पुलिस के जवान सुशांत का शव पाया गया तो हड़कंप मच गया। पंचनामा के बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया गया।
इनसेट=
रांची के सुशांत की पश्चिम सिंह भूमि जिले में थी तैनाती
विंढगमंज। रांची के रहने वाले सुशांत की पत्नी अमिता टोप्पो ने बताया कि उसका पति झारखंड पुलिस में जवान के पद पर पश्चिम सिंहभूमि जिले के जुगसलाई थाने में तैनात है। 26 अप्रैल की आठ और नौ बजे के बीच उसकी पति से मोबाइल से बात हुई थी। पास में पैसा ना होने की बात को लेकर वह खुद को काफी परेशान बता रहा था, लेकिन वह विंढमगंज कैसे पहुंचा यह सवाल हर किसी को परेशान किए हुए है? वहीं उसकी मौत कैसे हुई? इसको लेकर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। विंढमगंज पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत कैसे हुई, इसके बारे में बता पाना संभव होगा।
इनसेट=
लापता होने की सूचना से रांची तक मचा था हड़कंप
विंढमगंज। झारखंड के पलामू संसदीय क्षेत्र में चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है। यहां से भाजपा प्रत्याशी बीडी राम के हरिहरगंज शहर के बीच स्थित कार्यालय को माओवादियों ने 25 अप्रैल को बम से उड़ा दिया था। इसके बाद से पूरे पलामू संसदीय क्षेत्र अलर्ट पर था। ऐसे में 26 अप्रैल को वंशीधर नगर से जवान सुशांत के गायब होने की सूचना ने रांची तक हड़कंप मचा दिया था और पूरे गढ़वा जिले की पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी। छत्तीसगढ़ और बिहार में भी उसकी तलाश कराई जा रही थी।
वर्जन =
सुशांत की खोज 26 अप्रैल की सुबह से ही पुलिस कर रही थी। 27 अप्रैल की सुबह विण्ढमगंज के पास बूटबेढवा और जमुई गांव के बीच उसका बैग बरामद हुआ था। विंढमगंज पुलिस की सूचना के बाद सीमावर्ती इलाके में उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। रविवार की सुबह उसका शव पाया गया। वह नगर उंटारी से विंढमगंज कैसे पहुंचा? मौत कैसे हुई? इसकी वजह क्या है? इसका पता लगाया जा रहा है।
- नीरज कुमार, अनुमंडल अधिकारी नगर ऊंटारी, गढ़वा, झारखंड