सिंगरौली। चार दिन से लापता आटो चालक का शव गुरुवार सुबह जयंत क्षेत्र में स्थित मुड़वानी डैम में मिलने से सनसनी फैल गई। जलाशय के किनारे खड़े आटो से चालक के कपड़ें व जूते बरामद किए गए। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
विंध्यनगर थाना क्षेत्र के जयंत पुलिस चौकी इलाके के गुरुद्वारा बस्ती का रहने वाला आटो चालक नीरज केसरी (23) सोमवार को रोज की तरह घर से आटो लेकर कमाने निकला था। रात में वापस नहीं आया। परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने तलाश शुरू कर दी। कोई खबर नहीं मिलने पर परिजनों ने जयंत पुलिस चौकी के प्रभारी को सूचना दी। पुलिस सक्रिय हुईं। बुधवार सुबह आटो मुड़वानी डैम के किनारे सुनसान स्थान पर मिला। आटो में चालक का कपड़ा व जूता मिलने के बाद अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास मौजूद जंगल को खंगालने के बाद जलाशय में गोताखोरों को उतारा लेकिन दिन भर के प्रयास के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह शव पानी से उतराया तो परिजन रोने बिलखने लगे। मौजूद लोगों के मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बताते है कि नीरज की शादी करीब एक माह पूर्व हुई थी। उसने कोर्ट मैरिज किया था। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद उसकी पत्नी अनिता ने पड़ोस में रहने वाले राजू के उपर हत्या करने का शक जताया है। विंध्यनगर के निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। जैसे ही रिपोर्ट से स्थित साफ होगी, उसी के मुताबिक आगे की कार्यवाही की जाएगी।