सोनभद्र। जिले में अवैध मादक पदार्थ पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। वावजूद इसके राबर्टसगंज नगर समेत अन्य इलाकों में धड़ल्ले से हेरोइन बिक रही है। इसकी लत में आकर युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। कई सफेदपोशों के संरक्षण में मादक पदार्थों का कारोबार हो रहा है। इसमें आबकारी विभाग के कुछ कर्मी और पुलिस के जवान भी लिप्त है।
राबर्ट्सगंज नगर के पूरब मोहाल, कांशीराम शहरी आवास, अंबेडकर नगर के अलावा कम्हारी, बढ़ौली, घुरमा, भागलपुर समेत अन्य गांवों में कई व्यक्ति हेरोइन बेच रहे हैं। इसके अलावा चोपन, डाला, ओबरा, अनपरा, शक्तिनगर, दुद्धी समेत अन्य क्षेत्रों में भी अवैध मादक पदार्थ का कारोबार फल-फूल रहा है। इस कारोबार में कई महिलाएं भी शामिल है। नशे की खुराक लेने के लिए युवक अपने घरों के अलावा दूसरे के घरों में भी छोटी-बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यह हाल तब है जब पुलिस प्रशासन की ओर से हेरोइन समेत अन्य अवैध मादक पदार्थ के कारोबारियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। जून माह में पुलिस ने करीब कइयों को करीब 40 लाख की हेरोइन के साथ पकड़ कर जेल भेज चुकी है। बावजूद इसके हेरोइन के कारोबार पर पूर्णतया रोक नहीं लग पा रहा है। इसके पीछे मुख्य वजह कुछ सफेदपोशों का भी हेरोइन के कारोबार में लिप्त होना है। क्योंकि पिछले वर्ष लाखों की हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को कई सफेदपोशों का नाम भी बताया था। पुलिस ने सफेदपोशों के खिलाफ सबूत एकत्र कर उन्हें बेनकाब करने की भी बात कहीं थी। लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। सूत्रों की मानें तो कुछ पुलिस कर्मी और आबकारी विभाग से जुड़े लोग भी अवैध मादक पदार्थ के कारोबारियों को संरक्षण दे रहे हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल का कहना है कि अवैध मादक पदार्थ का कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थ के कारोबारियों के खिनाफ कार्रवाई जा रही है।