सोनभद्र। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर में शनिवार को विवादित बंधी की भूमि पर खुदाई का कार्य कराने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इसकी जानकारी होने पर पर पुलिस ने काम बंद करा दिया। सदर एसडीएम यमुना धर चौहान ने चौकी इंचार्ज को विवादित स्थल पर कार्य न होने देने का निर्देश दिया है।
पुलिस के मुताबिक मधपुर में स्थित एक बंधी के भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। शनिवार की सुबह करीब दस बजे कुछ लोग विवादित भूमि में खुदाई का कार्य कराने लगे। इसकी जानकारी दूसरे पक्ष के लोगों को हुई तो उन लोगों ने मौेके पर पहुंच कर काम बंद कराने की जिद पर अड़ गए। मामला गंभीर होता देख किसी व्यक्ति ने पुलिस और एसडीएम को सूचना दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद काम को बंद करवा दिया। इस संबंध मेें सदर एसडीएम यमुना धर चौहान ने बताया कि बंधी की विवादित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा खुदाई करवाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने काम को बंद करवा दिया है। कहा कि चौकी प्रभारी को विवादित भूमि पर दोबारा कार्य कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।