म्योरपुर स्थित हवाईअड्डे के विस्तारीकरण को लेकर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के आगमन को लेकर बृहस्पतिवार को एसडीएम की अगुवाई में हवाई अड्डे में ही समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने विस्तारीकरण में आ रही समस्याओं और रुकावटों को लेकर गहन मंत्रणा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
म्योरपुर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर चार जून को मुख्यमंत्री के विशेष सचिव जी विशाख और मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव संजय प्रसाद के प्रस्तावित आगमन को लेकर सरकारी महकमा तैयारियों में लग गया है। माना जा रहा है कि इसी वर्ष म्योरपुर से भी हवाई उड़ान शुरू कर दी जाएगी। इसी मद्देनजर सचिवों के निरीक्षण को लेकर एसडीएम रमेश कुमार की अगुवाई में विभिन्न विभागों के लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान एसडीएम ने पेड़ों की कटान समेत बाउंड्री वॉल के बनने में आ रही समस्या और विस्थापितों के मुद्दे पर भी बात की। इसके अलावा उन्होंने विद्युत विभाग से खंभे न हटाए जाने को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिस भी स्तर से काम रुका है उसे तत्काल पूरा किया जाए। समीक्षा बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया के असिस्टेंट जनरल मैनेजर महेंद्र कुमार भास्कर ने विस्तारीकरण के काम में आ रही रुकावटों और दिक्कतों को जल्द से जल्द दूर कराने कोकहा। बैठक में बिजली, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन समेत राजस्व विभाग के तहसीलदार विशाल पांडेय, ओबरा कानून-गो मुहम्मद आरिफ, भूपति शर्मा समेत बड़ी संख्या में राजस्व कर्मी व विभिन्न विभागों के लोग मौजूद रहे। इस संबंध में उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री के विशेष सचिव जी विशाख और मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव संजय प्रसाद हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का जायजा लेंगे।