दुबई में होने वाले नेत्रहीन क्रिकेट ट्राई सीरीज में शक्तिनगर के चंदन गुप्ता का भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम में चयन किया गया है। इस क्रिकेट सीरीज में भारत के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश की नेत्रहीन क्रिकेट टीम प्रतिभाग करेगी।
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड इंडिया के सचिव जॉन डेविड ने बताया कि चंदन गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। जिसके कारण इनका चयन दुबई में ट्राई सीरीज के लिए किया गया है। दुबई में यह सीरीज 13 से 19 मार्च तक खेला जाएगा। बता दें कि शक्तिनगर के चंदन ने इससे पहले 2018 में बंगलूरू में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। दुबई में होने वाले नेत्रहीन क्रिकेट ट्राई सीरीज में चंदन के चयन होने पर अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेटर लव वर्मा ने मंगलवार को अनपरा के सीआईएसएफ मैदान में पूरे खिलाड़ियों के साथ मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस चयन पर चंदन के परिजनों के घर भी शुभकामनाएं देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। लोगों का कहना है कि चंदन के चयन से शक्तिनगर का नाम हुआ है।