सोनभद्र। तेरे जैसा यार कहां..., ये तेरी-मेरी यारी ये दोस्ती हमारी..., ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे... जैसे नगमे गुनगुनाते हुए युवाओं ने रविवार को फ्रेंडशिप डे का जश्न मनाया। सुहाने मौसम का लुत्फ उठाते हुए पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर खूब मस्ती की। झरने के बीच उतरकर पानी की बूंदों से अठखेलियां करते हुए एक-दूसरे के साथ को यादगार बनाया। फ्रेंडशिप बैंड और गिफ्ट देकर भी दोस्तों को इस खास दिन का अहसास कराया। युवाओं में हर तरफ फ्रेंडशिप डे का उल्लास छाया रहा।
हर वर्ष अगस्त के पहले रविवार को फ्रेंडशिप-डे के रूप में मनाया जाता है। इस दिन अपने दोस्तों की कलाई में फ्रेंडशिप बैंड बांधने और कार्ड, तोहफे देकर अपनी खास दोस्ती का अहसास कराने की परंपरा रही है। इस बार भी दोस्तों की टोली मौज मस्ती में डूबी नजर आई। सुहाने मौसम ने भी उनका खूब साथ दिया। पिकनिक स्थलों पर पहुंचकर वह एक-दूसरे के साथ जश्न मनाते रहे। नगर से सटे मारकुंडी घाट में सोन इको प्वाइंट पर पूरे दिन भीड़ जमी रही। पहाड़ों से गिरता बारिश का पानी झरने का रूप ले चुका था। इसके बीच बैठकर कोई झूम रहा था तो कोई व्यू प्वाइंट पर खड़े होकर प्रकृति के विहंगम नजारे को जेहन में संजोने में लगा रहा। युवाओं के अलावा महिलाओं, बच्चों की भी बड़ी संख्या रही। रिमझिम फुहारों के बीच उनकी मौज मस्ती जारी रही। घोरावल के मुक्खा फाल पर भी हजारों की भीड़ रही। इनके अलावा धंधरौल बांध, पंचमुखी पहाड़ी, अंबारी, विजयगढ़ किला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर भी लोगों ने पिकनिक का आनंद उठाया। दोस्तों के अलावा लोग अपने परिवार के साथ भी पहुंचे थे।