मेहुड़ी कला गांव के पास मंगलवार को साइकिल सवार पर हुए जानलेवा हमले में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायल के भाई की तहरीर पर केस दर्ज करते हुए पुलिस उनकी तलाश में जुट गई हैं। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस उन्हें नहीं पकड़ पाई थी।
मंगलवार की देर शाम सदर कोतवाली के तियरा नायक गांव निवासी राजेश (40) अपने साथी सहिजन कला निवासी शिवाजी (45) के साथ राबर्ट्सगंज से घर जा रहा था। रास्ते में मेहुड़ी कला गांव के पास अचानक किसी ने पीछे से उन पर हमला बोल दिया। लाठी से सिर पर प्रहार होने से राजेश वहीं गिर गया। राजेश को बचाने के लिए शिवाजी ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद शिवाजी शोर मचाते हुए भागने लगा। आरोप है कि एक बदमाश ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई। इसमें एक गोली राजेश के दाहिने हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. डीके सिंह ने घायल को बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। सीओ सिटी राजकुमार तिवारी ने बताया घायल के बड़े भाई गुलाब की तहरीर पर तियरा गांव निवासी रामचंद्र और उसके सगे भाई श्याम चंद्र पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल की हालत में सुधार है।