अनपरा। छह माह पूर्व युवक के घर के सामने बाइक जलाने के मामले में न्यायालय के आदेश पर अनपरा पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन से न्याय ना मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
काशीमोड़ निवासी मेराज अहमद ने न्यायालय में दी अर्जी में बताया कि बीते 16 दिसंबर को राजन चंद्रवंशी ने डिबुलगंज में बाइक रोककर उससे विवाद किया। बाइक जलाने की धमकी दी। दो दिन बाद 18 दिसंबर की रात में राजन पेट्रोल लेकर आया और बाइक पर छिड़ककर आग लगा दी। पड़ोसियों ने राजन को पकड़ने की कोशिश की तो वह भाग गया। बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गई। अगले दिन अनपरा पुलिस को लिखित तहरीर दी तो पुलिस ने राजन को शांतिभंग की धाराओं में जेल भेज दिया। 18 जनवरी को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, फिर भी मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया। इस पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर अनपरा थाने की पुलिस ने शनिवार को आरोपी राजन चंद्रवंशी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।