अनपरा-रेणुकूट मार्ग पर पिपरी थाना क्षेत्र के मड़ैया में रविवार को भीषण हादसा हुआ। राखड़ लदा हाइवा एक कार पर पलट गया। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई। क्रेन की मदद से हाइवा को हटाया गया। इसके बाद राख को हटवाकर पुलिस शव को निकालने में जुटी थी। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न के खुटार निवासी दीपक कुमार रविवार की सुबह रामायण शर्मा, सुकवारी देवी और रीता शर्मा के साथ वाराणसी के लिए निकला था। मकरा ग्राम पंचायत के मड़ैया पहुंचते ही राखड़ लदा हाइवा अनियंत्रित होकर वाराणसी की ओर जा रही कार के ऊपर पलट गया। हाइवा ऐसे पलटा था कि कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई।
राख में दबे होने के कारण किसी को कुछ पता नहीं चल पाया। दीपक के परिजनों ने सुबह ही कार समेत सवारों के लापता होने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस सुबह से ही कार के लोकेशन को ढूंढ रही थी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था। बगल से गुजर रहे चरवाहों ने देर शाम हाइवा के नीचे कार को देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर अनपरा थानाध्यक्ष राजेश सिंह और पिपरी पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुबह कार व उसमें बैठे लोगों के गुमशुदगी की सूचना मिली थी। उनकी तलाश की जा रही थी, तभी मड़ैया में कार दबी होने की जानकारी हुई।