जिले में हो रहे विधानसभा चुनाव में दंपति कर्मियों की समस्याओं को देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें राहत दी है। । अगर पति-पत्नी दोनों सरकारी सेवा में हैं तो उनमें से एक की ही चुनाव में ड्यूटी लगेगी। स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी चुनावी ड्यूटी से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सूबे के निर्वाचन आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर ने सभी डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजा है।
निर्वाचन आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर ने यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौर के पत्र को संज्ञान में लेते हुए उनकी मांग पर विचार करते हुए सभी डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस आशय का पत्र जारी कर किया है कि यदि पति-पत्नी दोनों सरकारी सेवा में हैं तो बच्चों के देखभाल के दृष्टिगत उनमें से किसी एक को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पत्र जारी होने से कर्मचारियों में हर्ष है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल ने कहा कि अगर पति-पत्नी दोनों सरकारी कर्मचारी है और उनकी ओर से चुनाव की ड्यूटी काटने के लिए प्रार्थना पत्र दिया जाएगा तो एक की ड्यूटी लगाने पर विचार किया जाएगा।