मधुपुर। सुकृत चौकी क्षेत्र के मधुपुर उत्तरी तिराहे के समीप शुक्रवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार किशोर व एक बकरे की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दो अन्य घायल हो गये जिनका उपचार चल रहा है।
वाराणसी के सेवापुरी सरौनी का रहने वाला राहुल (17), श्रेयांश सिंह (26) और शुभम (7) निवासी तक्खू की बवली वाराणसी, तीनों एक बाइक पर सवार होकर बकरा लेकर राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसी गांव जा रहे थे। बाइक श्रेयांश चला रहा था। मधुपुर उत्तरी तिराहे के समीप बाइक सवार पहुंचे ही थे कि उसी समय सामने से ऑटो अचानक मुड़ गया। ऑटो से बचने के चक्कर में बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गए। इससे राहुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि श्रेयांश घायल हो गया। शुभम को हल्की चोट आई। घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़ ने आक्रोश जताते हुए सड़क पर जाम कर ऑटो व तिराहे पर सर्विस लेन जाम रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके की नजाकत को देखते हुए सुकृत चौकी इंचार्ज केजी राय के साथ कोतवाल अंजनी कुमार राय मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भिजवाया। करीब साढ़े चार बजे जाम खुलने पर वाहन गंतव्य के लिए रवाना हुए। डेढ़ घंटे जाम लगने से वाराणसी शक्तिनगर राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।