जिले से सटे झारखंड में नक्सलियों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। दो दिन पूर्व सरायकेला और खूंटी जिले के अड़की सीमा पर नक्सलियों की फायरिंग के बाद सोनभद्र की फोर्स भी अलर्ट हो गई है। बुधवार को सीमावर्ती इलाकों में आधुनिक असलहों से लैस जवानों ने कांबिंग की।
नक्सलियों पर अंकुश के लिए झारखंड में इन दिनों सघन अभियान चल रहा है। सोमवार की रात अड़की सीमा पर पुनीसीर गांव के पास स्थित झारखंड जगुआर पिकेट के आसपास के जंगलों में सरायकेला-खरसावां और खूंटी जिले की पुलिस व सुरक्षा बलों के सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान रात के अंधेरे में नक्सली भाग निकले। नक्सली संगठन पीएलजीए की ओर से दो से आठ दिसंबर तक स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इसे लेकर जिले की पुलिस पहले से ही अलर्ट थी लेकिन दो दिन पूर्व नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद सीमावर्ती इलाकों में सघन कांबिंग जारी कर दी गई है। एएसपी ऑपरेशन डॉ. राजीव सिंह ने नक्सल इलाकों के सभी थानों की फोर्स को अलर्ट कर दिया है। बुधवार को मांची, कोन, विंढमगंज समेत अन्य थाना क्षेत्रों में फोर्स कांबिंग करती रही।
नक्सल इलाकों के सभी थानों की फोर्स को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि झारखंड पुलिस का दबाव पडने पर अगर कोई नक्सली जिले में प्रवेश करने की कोशिश करे तो उसे पकड़ा जा सके। सीमावर्ती इलाकों में सघन कांबिंग जारी है। - डॉ. राजीव सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन