इस समय रबी सीजन की फसलों की बोआई का पीक सीजन चल रहा है। ऐसे में कई स्थानों पर नकली खाद व बीज बेचे जाने की शिकायत मिल रही है। इसको ध्यान में रखते हुए शनिवार की देर शाम राजस्व और कृषि विभाग की टीम ने दुद्धी क्षेत्र में संचालित खाद-बीज की दुकानों पर छापे की कार्रवाई की। इस दौरान खाद व बीज के 16 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
जिला कृषि अधिकारी डा. हरिकृष्ण मिश्र ने बताया कि डीएम टीके शिबू के निर्देशन में कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से दुद्धी क्षेत्र में छापे की कार्रवाई की। दुद्धी कस्बा स्थित आठ बीज एवं खाद के प्रतिष्ठानों से नौ नमूने लिए गए। कृषकों को बिल न देने एवं रेट सूची न प्रदर्शित करने कारण चेतावनी जारी की गई। जिले के सीमावर्ती कस्बे की सात प्रतिष्ठानों पर छापे की कार्रवाई हुई। इसमें सात खाद एवं बीज के नमूने लिए गए। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि विंढमगंज कस्बे में विजय कुशवाहा बीज भंडार, आशीष खाद एवं बीज भंडार, किसान बीज भंडार, कृषक सेवा केंद्र के दुकानदार अपनी दुकान बंद कर फरार हो गए। विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि कृषकों को केवल गुणवत्तापूर्ण बीज एवं खाद का ही विक्रय करें। खाद एवं बीज के विक्रय में कृषकों का शोषण किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से दुद्धी क्षेत्र के खाद बीज के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।