कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तुर्रीडीह में शनिवार की रात एक युवक के घर पहुंच कर उसके ससुराल वालों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। युवक का पत्नी से विवाद हुआ था। सूचना पाते ही मायके वाले ससुराल धमक पड़े। पीड़ित ने रविवार की सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी है।
गांव निवासी हरदेव यादव (30) का विवाह पांच साल पहले पास के सरडीहा गांव में हुआ था। उसे एक बेटी भी है। शनिवार की सुबह हरदेव का अपनी पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया। पत्नी ने आपबीती मायके वालों को बताई। कुछ ही दूर पर स्थित मायका सरडीहा गांव से सास-ससुर, साला, साली तुर्रीडीह पहुंच गए। आरोप है कि देर रात पहुंचे ससुरालवालों ने हरदेव से विवाद का कारण पूछा। बातचीत के दौरान मामला इस कदर बिगड़ा कि ससुराल वालों ने हरदेव की लाठी से जमकर पिटाई कर दी। हरदेव ने रविवार की सुबह कोतवाली पहुंचकर इसकी सूचना दी। पुलिस ने हरदेव को स्थानीय सीएचसी ले जाकर मेडिकल कराया।