सोनभद्र। पांच दिन पूर्व अनपरा थानाक्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मृत महिला की शिनाख्त अंजू देवी (44) और किशोरी की चांदनी (12) के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
लोढ़ी चौकी इंचार्ज विनय कुमार सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को अनपरा थानाक्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सड़क पार कर रही एक विवाहिता और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। पुलिस ने दोनों को घायलावस्था में जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन दोनों की मौत हो गई। मृतकों के परिवार वालों के बारे में पता लगाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसी वक्त कुछ लोगों ने मॉर्चरी पर पहुंचकर मृतका की पहचान पिपरी थानाक्षेत्र के सेंदुर गांव निवासी अंजू देवी और उसकी भतीजी चांदनी के रूप में की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतका अपनी भतीजी के साथ झारखंड के गढ़वा जिले में अपने मायके गई थी। वहां से लौटते वक्त दोनों हादसे की शिकार हो गईं।