मांची थाना क्षेत्र में नगवां बांध पर दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए युवा अधिवक्ता की पानी में डूबने से मौत हो गई। बांध के सामने नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए थे।
करीब 20 घंटे बाद सोमवार की दोपहर में उनका शव कर्मनाशा नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रायपुर थाना क्षेत्र के कोहरवल गांव निवासी ज्योतिष पटेल (39) पुत्र विजय परिजनों संग रॉबर्ट्सगंज के हाईडिल काॅलोनी में रहते थे।
वह रॉबर्ट्सगंज कचहरी में प्रैक्टिस भी करते थे। रविवार को अपने पांच-छह दोस्तों के साथ नगवां बांध पर पिकनिक मनाने गए थे। शाम करीब छह बजे बांध के सामने नहाते समय वह तेज बहाव में आकर गहरे पानी में चले गए।
जब तक अन्य साथियों की नजर पड़ी तब तक वह पानी में डूब गए। शोर गुल मचाते हुए लोग डूबे अधिवक्ता की तलाश में जुट गए। सूचना मांची थाने को दी गई। मौके पर पहुंचे एसओ ने गोताखोरों से संपर्क साधा, लेकिन रात होने के कारण तलाशी अभियान शुरू नहीं हो पाया।
सोमवार की सुबह गेट बंद कराकर लोग कर्मनाशा नदी में तलाश में जुटे। काफी मशक्कत के बाद दोपहर 2 बजे अधिवक्ता का शव बरामद हुआ। मृतक की दो पुत्री और एक पुत्र हैं। करीब 20 दिन पूर्व ही बेटा पैदा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।