दुद्धी। नगर के विभिन्न इलाकों के अलावा आसपास के कई गांवों में रविवार को हल्की आंधी के साथ हुई बारिश के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार को कड़ी मशक्कत कर बिजली कर्मियों ने फाल्ट को दुरुस्त करते हुए आपूर्ति बहाल कराया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली गुल होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
रविवार की सुबह हल्की आंधी और बारिश की वजह से नगर पंचायत दुद्धी के कई इलाकों के अलावा आसपास के कई गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। लगभग 30 घंटे तक नगर के कई क्षेत्रों में अंधेरा छाया रहा। दुद्धी नगर रेलवे स्टेशन के समीप न्यू सब स्टेशन से कटौती से क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। रजखड़, धनौरा, दुद्धी, मलदेवा, बिडर सहित अन्य गांव में आपूर्ति बाधित रही। रामलोचन तिवारी, सुरेंद्र अग्रहरि, कमलेश कमल, कमलेश मोहन, रत्नेश कुमार ने कहा कि बिजली कर्मियों की लापरवाही से अक्सर बिजली की आपूर्ति बाधित रहती है। उन्होंने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।