बभनी ब्लाक सभागार में बैठक को संबोधित करते विधायक रामदुलार गोंड।
- फोटो : SONBHADRA
बभनी ब्लाक सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। सदस्यों ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 2.10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। बैठक के मुख्य अतिथि दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड रहे। अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राजन सिंह ने की।
बैठक में एडीओ पंचायत कांशीराम ठाकुर ने पिछले वर्षों में हुए कार्यों का ब्योरा रखा। आगामी सत्र के लिए सदस्यों से प्रस्ताव मांगे। विधायक रामदुलार गोंड ने बैठक में पशुपालन विभाग, आपूर्ति विभाग, बाल विकास विभाग, बिजली विभाग की ओर से किसी के उपस्थित न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि शिक्षा विभाग में घोर अनियमितता की शिकायत है। शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। विद्यालय शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के सहारे चल रहे हैं। बिजली विभाग मनमानी ढंग से बिल भेज रहा है। संबंधित विभाग इन शिकायतों का शीघ्र समाधान कराएं।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में जो भी कार्य कराए जाएं उसमें स्थानीय लोगों की सहभागिता होनी चाहिए। सरकारी कार्यालयों में आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनकी समस्या को सुनकर दूर किया जाए। इस मौके पर बीडीओ रवि कुमार, अवर अभियंता लघु सिंचाई ओमप्रकाश, राजबहादुर सिंह, संजय सिंह, रामदर्शन, चारुलता, जगदीश सिंह, विजय शंकर, कुंजबिहारी, गुड़िया देवी, अर्चना गुप्ता, सुधीर पांडेय, जवाहर जोगी, अनिल कुशवाहा, रामसागर, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।