सीतापुर। विधानसभा मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। नए मतदाता बनने समेत अन्य कार्य के लिए 30 नवंबर तक दावा-आपत्ति दाखिल किए जा सकते हैं। इसमें युवाओं द्वारा भी उत्साह पूर्वक भागीदारी की जा रही है। इसी का परिणाम है कि 13 नवंबर तक 10 हजार से अधिक युवाओं ने वोटर बनने के लिए आवेदन भरकर बीएलओ को दिया है।
एक नवंबर से मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए दावा और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। यह कार्य बीएलओ द्वारा किया जा रहा है। सात व 13 नवंबर को मतदान केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा चुका है। वर्तमान आंकड़ों के मुताबिक 13 नवंबर तक वोटर बनने के लिए कुल 20, 339 महिला और पुरुषों ने फार्म-6 भरकर जमा किया है। इसमें 18 व 19 साल के युवाओं की संख्या 10, 374 है।
मतदाता बनने के लिए 8394 महिलाओं ने भी आवेदन किया है। वोटर बनने के लिए 30 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए 21 एवं 27 नवंबर को विशेष अभियान तिथि का आयोजन सभी मतदान केन्द्रों पर किया जाएगा। जहां पदाभिहित अफसर और बीएलओ मतदाता सूची सहित मौजूद रहकर दावेेे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे, इसका मतदाता लाभ उठाएं। वह मतदाता सूची में नाम अंकित कराने, संशोधन कराने, एक ही विधानसभा क्षेत्र के दूसरे बूथ पर नाम स्थानांतरित कराने के साथ ही नाम कटवाने के लिए निर्धारित प्रारूप पर आवेदन कर सकते हैं।