लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में गुरुवार देर रात युवक ने कमरे में सो रही अपनी ही मां की फावड़े से काट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही बैठा रहा। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या आरोपी मनोरोगी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हत्या का केस दर्ज किया गया है।
लहरपुर इलाके के ताहपुर निवासिनी सुशीला (50) गुरुवार देर रात घर में सो रही थी। बताते हैं कि रात में उसका बेटा राम भारत उठा और सो रही मां की गर्दन पर फावड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी लेकिन महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहीं बैठा रहा।
सूचना पाकर सीओ राजू कुमार शाव, इंस्पेक्टर लहरपुर मनीष सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर ही बैठे मिले आरोपी बेटे रामभारत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल मनीष सिंह ने बताया कि युवक ने फावड़े से काटकर मां की हत्या कर दी है।
हत्या आरोपी मौके पर ही बैठा मिल गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका की बेटी पहेली की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद हो गया है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
बेटे के हाथों मौत के घाट उतारी गई मां के पास उसकी दो बेटियां सो रहीं थीं। फावड़े से हमला होता देख वे भागकर बाहर आ गईं और गांव वालों को सूचना दी। सूचना पाकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
मां की हत्या करने वाले आरोपी की दिमागी हालत एक साल से ठीक न होनी बताई जा रही है। बताते हैं कि उसका इलाज भी हुआ था लेकिन बहुत फायदा नहीं हुआ। गांव वालों का कहना है कि युवक अक्सर मां के साथ मारपीट करता रहता था लेकिन मारपीट करते-करते एक दिन जान ही ले लेगा, किसी ने इसकी कल्पना भी नहीं की थी।
मौत के घाट उतारी गई महिला के एक बेटा और चार बेटियां हैं। बताया जाता है कि दो बड़ी बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि दो की शादी अभी होनी है। वहीं, मृतका का पति लखनऊ में मजदूरी करता है।