सेवता (सीतापुुर)। थाना क्षेत्र रेउसा में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवारीजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अंत्येष्टि रोकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायका पक्ष ने मामले में दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
गुडरुवा देवरिया निवासी रेशमा देवी (25) की संदिग्ध हालात में शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। बताया जाता है कि ससुरालीजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे लेकिन इस बीच किसी ने पुलिस को खबर कर दी। सूचना पाकर रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रोकवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना की सूचना पाकर मृतका के पिता रेउसा इलाके के समसिनपुरवा निवासी रामप्रकाश परिवार के साथ मौके पर पहुंचे। पिता का कहना है कि बेटी की शादी छह साल पहले की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज में बाइक और अन्य सामान की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने बेटी की पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी न तो उन लोगों को दी और न ही पुलिस को।
मृतका के पिता का यह भी आरोप है कि पुलिस को सूचना न देकर शव का अंतिम संस्कार कर ससुरालीजन मामले को दबाने का प्रयास कर रहे थे। रेउसा एसओ कृष्ण मोहन मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी।