सीतापुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन शुक्रवार को परिवहन विभाग और पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस लाइंस में कार्यशाला आयोजित की। पहले दिन ट्रक, बस, ऑटो, ई-रिक्शा चालकों व यूनियन के पदाधिकारियों को परिवहन विभाग व पुलिस ने जागरूक कर यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
एआरटीओ प्रशासन माला बाजपेई ने कहा सड़क हादसों से बचाव में हेलमेट, सीट बेल्ट व यातायात के नियम सुरक्षा के कवच हैं। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण ने कहा कि बारिश के मौसम में वाहन चलाते समय ब्रेक पर ग्रिप के साथ वाहनों की यांत्रिक दशा की जांच करा लें।
यात्रीकर/ मालकर अधिकारी शैहपर किदवई ने कहा कि बाइक सवार बारिश में हेलमेट के बिना बाहर न निकलें। यातायात निरीक्षक सुरेश कुमार, टीएसआई रामजतन, मोटर ड्राइविंग ट्रेनर सुरेंद्र शास्त्री ने भी यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले पंकज राठौर को सम्मानित किया गया।
एआरटीओ प्रशासन माला बाजपेयी ने बताया कि शनिवार को टोल प्लाजा पर प्रथम सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत वाहनों का प्रदूषण जांच कैंप लगेगा। बताया कि कैंप सुबह दस बजे से आयोजित होगा।