बारिश से जलमग्न हुई रेलवे पटरियों का पानी निकालते रेलवे कर्मी। (संवाद)
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार को शहर के मालगोदाम पर जलनिकासी न होने से रेलवे ट्रक पर पानी भर गया। इससे मालगोदाम आ रही ट्रेन को कुछ दूर पहले ही रोक दिया गया। रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दी गई। इससे सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। पुलिस ने समस्या को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन कराया। रेलवे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रैक से पानी हटवाया। उसके बाद ट्रेन मालगोदाम जा सकी। इससे करीब 45 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
मंगलवार को करीब एक बजे सीतापुर जंक्शन से होते हुए एक मालगाड़ी मालगोदाम की ओर रवाना हुई। यह मालगाड़ी लखनऊ से सीमेंट लेकर सीतापुर आ रही थी। पुलिस लाइन क्रॉसिंग पर ट्रेन के पहुंचते ही ड्राइवर ने ट्रैक पर पानी भरा हुआ देखा। इस पर ट्रेन को क्रॉसिंग पर ही रोक दिया। रेलवे विभाग को इसकी खबर लगते ही खलबली मच गई। तमाम कर्मचारी ट्रैक से पानी निकालने का प्रयास करते रहे।
जब क्रॉसिंग पर ट्रेन खड़ी हो गई तो सीतापुर की तरफ से लखीमपुर को जाने वाले लोग जाम में फंस गए। लखीमपुर से आने वाले लोग जाम में जूझते रहे। काफी समय तक जब क्रॉसिंग नहीं खुली तो रोडवेज बस स्टॉप से क्रासिंग तक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लखीमपुर से आने वाले वाहनों को जेल रोड़ के ओवरब्रिज से होकर निकाला।
क्रॉसिंग पर फंसे वाहनों को पीछे करके बिजवार बाईपास से होकर लखीमपुर की तरफ रवाना किया। कुछ देर बाद ड्राइवर ने ट्रेन को क्रॉसिंग से पीछे किया। उसके बाद क्रॉसिंग खुली तो जाम की समस्या दूर हुई। करीब 45 मिनट बाद जब ट्रैक से पानी कम हुआ तो ट्रेन मालगोदाम की तरफ रवाना हुई।
मालगोदाम के एक नंबर ट्रैक पर पानी भर गया था। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से दिक्कत आई थी। कर्मचारियों ने पानी निकाला। उसके बाद ट्रेन को दो नंबर ट्रैक पर भेजा गया था। इससे करीब 45 मिनट तक दिक्कत बनी रही। मालगोदाम की लाइन होने से अन्य कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।
- एके शुक्ला, स्टेशन अधीक्षक, सीतापुर जंक्शन