रेउसा (सीतापुर)। थाना रेउसा क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम तारकोल का ड्रम फटने से उसकी चपेट में आकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत नाजुक है।
थाना रेउसा कस्बे के बहराइच मार्ग पर सड़क के गड्ढे भरने का कार्य चल रहा है। शुक्रवार देर रात सड़क बनाने वाले तारकोल को ड्रम में गर्म किया जा रहा था। इस बीच अचानक ड्रम फट गया, इससे उसकी चपेट में आकर बिसवां कोतवाली इलाके के पटना गांव निवासी रमेश (22), सदरपुर थाना क्षेत्र के शेरू कलां गांव निवासी जुबेर (35) गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। गंभीर हालत में दोनों मजदूूरों को रेउसा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।