महमूदाबाद (सीतापुर)। रक्षाबंधन को लेकर हिंदू महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते हुए फेसबुक पर पोस्ट डालने के मामले में आरोपी के खिलाफ पुलिस ने देशद्रोह समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है। भड़के लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया। सड़क जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। एएसपी के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। सुबह गिरफ्तारी की सूचना पर लोगों में आक्रोश थमा। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
महमूदाबाद के सरावगी टोला निवासी शीबू चौधरी ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर शनिवार को फेसबुक पर महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते हुए पोस्ट डाली। इसकी जानकारी मिलते ही तमाम हिंदू संगठन नाराज हो गए। संगठनों ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली का घेराव किया। सीओ रविशंकर प्रसाद ने कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था, लेकिन फिर भी लोग नहीं माने थे। शनिवार देर रात कोतवाली के बाहर हंगामा प्रदर्शन करने के बाद गुस्साए लोगों ने रामकुंड चौराहा घेराव कर विरोध जताने पहुंच गए।
इसकी सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंबरीश गुप्ता, प्रधान संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित सिंह, सुधांशू वर्मा, बीना मणि मौके पर पहुंचे। लोगों ने सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीएम के समझाने के बाद भी लोग नहीं माने। उनकी मांग थी कि आरोपी की गिरफ्तारी हो।
देर रात एएसपी एनपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग आरोपी की गिरफ्तारी की जिद पर अड़े थे। एएसपी ने लोगों को सुबह तक आरोपी की गिरफ्तारी होने का आश्वासन देकर शांत कराने का प्रयास किया। एएसपी के समझाने पर लोग मान गए और जाम खत्म कर दिया।
आरोपी के पास से अवैध असलहा बरामद
देर रात तक चले हंगामा, प्रदर्शन के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। कोतवाल महमूदाबाद ने बताया कि आरोपी शीबू चौधरी की तलाश में जुटी पुलिस की टीमों ने रविवार सुबह लखनऊ मार्ग पर सेमरा मोड़ के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि उसके पास से अवैध असलहा भी बरामद हुआ है। कोतवाल ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ देशद्रोह, धार्मिक समुदाय को भड़काने, अभद्र टिप्पणी, छेड़छाड़, क्रिमिनल एक्ट, आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।