सीतापुर। लखनऊ से बरेली तक जाने वाले नेशनल हाईवे पर शहर के समीप चौबग्गा मोहल्ले के सामने शुक्रवार को गड्ढों की पैचिंग का काम चल रहा था। बीच पर सड़क पर जेसीबी खड़ी कर दी गई। इससे तकरीबन ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। डेढ़ किमी तक वाहनों की कतारें लग जाने से लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। सबसे अधिक परेशानी शहर से मधवापुर होकर रामकोट जाने वाले लोगों को हुई।
शहर स्थित आरएमपी कॉलेज के आगे लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे निकला है। इस मार्ग से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कनवाखेड़ा, मधवापुर, कटिया, किनौटी, परसदा, मछरेहटा, रामकोट आदि तक आते-जाते हैं। शुक्रवार सुबह दस बजे इस हाईवे पर पुल के पहले गड्ढों की पैचिंग कराई जा रही थी। इस कार्य को बिना खतरे के सुचारु रूप से कराने के लिए हाईवे पर जेसीबी खड़ी करके मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया। रूट डायवर्जन भी किया गया।
कनवाखेड़ा जाने वाले मार्ग पर ट्रॉली फंस जाने से वाहन नहीं निकल सके। इससे वाहनों का आवागमन बंद हो गया। एक के बाद एक तमाम भारी और छोटे वाहनों की तकरीबन डेढ़ किमी लंबी कतार लग गई। दोपहर साढ़े 12 बजे तक सड़क पर जाम लगा रहा। शहर से जाने वाले एवं ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ढाई घंटे बाद जाम खुलने पर लोगों ने राहत महसूस की।