सीतापुर। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम हर ओर दिख रही है। हर कोई कान्हा के जन्मोत्सव को लेकर उल्लास और उमंग में डूबा हुआ है। हर मन निहाल है। आज घर-घर में यशोदा के लाल जन्म लेंगे। बधाई बजेगी। अपने लड्डू गोपाल को रिझाने के लिए कृष्ण भक्तों की चल रही तैयारियों ने जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर और तेजी पकड़ी। रविवार को सुबह से ही बाजार में कृष्ण भक्तों की भीड़ नजर आई। महिलाएं, पुरुषों से लेकर बच्चों तक ने खूब खरीदारी की। घर से लेकर मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है। पुलिस लाइंस से लेकर शहर की तीनों वाहिनियों और एटीसी, पीटीसी में भी तैयारियों को शाम तक अंतिम रूप दे दिया गया।
जिस घड़ी को पिछले एक साल से कृष्ण भक्तों को इंतजार था, आखिरकार आज वह घड़ी आ गई। कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर पिछले कई दिनों से लोग तैयारियों में जुटे थे। घरों से लेकर मंदिरों की सफाई चल रही थी। हर कोई यही कोशिश कर रहा है कि कान्हा के स्वागत में कहीं कोई कमी न रह जाए। कई दिनों से चल रही तैयारियों ने रविवार को और तेजी पकड़ ली। बाजार में खरीदारी का सिलसिला कई दिनों से चल रहा था, लेकिन रविवार को अवकाश का दिन होने के बाद बाजार में उमड़ी कृष्ण भक्तों की भीड़ उनका उत्साह बयां कर रहा था।
यही हाल मंदिरों का रहा। मंदिर को सजाने से लेकर सुंदर झांकियां बनाने की तैयारी कई दिनों से चल रही थी, लेकिन रविवार शाम तक कान्हा के भक्तों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। रविवार को खूब खरीदारी की गई। तरह-तरह के डिजाइनर वस्त्रों से दुकानें सजी थीं। लोगों ने कान्हा की पोशाक, झूला, ज्वैलरी, मेवा, मिष्ठान की खूब खरीदारी की। किराना बाजार से लेकर पूजन सामग्री बेचने वालों के वहां भीड़ रही।
बर्तन और मूर्तियों की दुकानों पर लड्डू गोपाल, राधा कृष्ण की मूर्तियां लोगों को आकर्षित कर रहीं थीं। बाल गोपाल के जन्मदिन के लिए पलक पांवड़े बिछाए लोगों ने जन्माष्टमी से पहले खूब तैयारियां कर लीं है। लड्डू गोपाल को निखारने के लिए उनके भक्तों ने पोशाक के अलावा बांसुरी, पालना, माला की खरीदारी की। कई भक्तों ने चांदी के पालने भी खरीदे।
शुभ घड़ी करीब आई
कान्हा के जन्मोत्सव की शुभ घड़ी करीब आ गई है। सोमवार की मध्यरात्रि घर-घर लड्डू गोपाल जन्म लेंगे। इसी के साथ बधाइयां बजनी शुरू हो जाएंगी। नदं घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल के जयकारों से कृष्ण की भक्ति लोगों के दिलों में हिलोरे मारेगी।
झांकी के जरिये रासलीला का मंचन
पीएससी की 11 बटालियन, द्वितीय वाहिनी पीएससी, 27वीं वाहिनी पीएससी, एटीसी, पीटीसी में पुलिसकर्मी मंदिरों की साफ-सफाई के बाद मंदिर परिसर में ही झांकी बना रहे हैं। जहां जेल के अंदर कान्हा के जन्म लेने से लेकर गोकुल व मथुरा में की गई रास लीलाओं का झांकियों के जरिये मंचन करने की कलाकारी की जा रही है। पीएससी में मनाई जानी वाली जन्माष्टमी की धूम पूरे शहर में दिखती है। दूरदराज के लोग यहां पर आकर जन्माष्टमी की झांकी देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।
कोविड गाइडलाइन का पालन करें श्रद्धालु
पिछली बार की तरह इस बार भी कोरोना की वजह से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर सामूहिक कार्यक्रम नहीं होंगे। पुलिस लाइन से लेकर पीएसी की तीनों वाहिनियों में भी कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। भजन होंगे। 12 बजे लड्डू गोपाल के जन्म लेने के समय पूजा कर कार्यक्रम का समापन होगा।
11वीं वाहिनी के कमांडेट अखिलेश चौरसिया ने बताया कि पीएसी में जन्मोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुंदर झांकियां बनाई गई हैं। कोरोना की वजह से कोई सामूहिक कार्यक्रम नहीं होगा। सीमित लोगों के बीच जन्माष्टमी मनाई जाएगी। कमांडेट ने अपील की है कि जो भी लोग आएं वह कोविड गाइडलाइन का पालन करें। आरआई पुलिस लाइंस ने बताया कि कोई भव्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। सामान्य तरीके से पर्व मनेगा।