ग्रामीणों को जागरूक करते वन अधिकारी।
महोली (सीतापुर)। पिपरझला के करीब बाघ की लगातार चहलकदमी को देखते हुए बुधवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी बृजेश कुमार पांडेय गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ नहर व नाले के करीब भ्रमण कर बाघ के पगचिह्नत देखे। उन्होंने कहा कि बाघ की गतिविधि वाली जगह के आसपास पिंजरा व ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे।
वन क्षेत्र के गांव पिपरझला में पिछले करीब एक माह से वन्यजीव की चहलकदमी है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान बाघ ने बकरी का शिकार भी किया गया है। पखवारे भर में दो महिलाओं सहित चार लोगों ने बाघ को देखा भी है। सोमवार को फिर बाघ देखे जाने के बाद मंगलवार को वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में काॅबिंग की थी। ग्रामीण लगातार गांव के निकट बाघ की चहलकदमी से अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। ग्रामीणों में दहशत है। वे खेतों की ओर नहीं जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग कॉम्बिंग की खानापूर्ति कर रहा है। बुधवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी बृजेश कुमार पांडेय टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ उस स्थान का भी जायजा लिया, जहां बाघ को देखे जाने का दावा किया गया था। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। रेंजर महोली कल्पेश्वर नाथ भार्गव ने बताया कि बुधवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी के साथ क्षेत्र में कॉम्बिंग की गई। उनके निर्देश पर शीघ्र पिंजरा व ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे। ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।