रामपुर मथुरा (सीतापुर)। एक नवजात शिशु को सदरपुर और रामपुर मथुरा सीमा पर कपड़े में लपेट कर महिला व पुरुष उसे झाड़ियों में फेंक कर बोलेरो से भाग निकले। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचीं। नवजात को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां वह स्वस्थ है।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे गौरा-गुड़ैचा चौराहे के बीच झाड़ियों में कुछ लोगों ने रोने की आवाज सुनी। मौके पर कपड़े में लिपटा नवजात शिशु मिला। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह स्वस्थ बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुड़ैचा की ओर से एक काले रंग की बोलेरो आई। सड़क के किनारे रुकी और उसमें से दो महिलाएं और एक पुरुष नीचे उतरकर झाड़ियों में गए। महिलाओं के हाथ में कपड़े से लिपटा कुछ था। जब तक मौके पर पहुंचते उससे पहले बोलेरो सवार भाग चुके थे।
एसओ रामपुर मथुरा ओपी तिवारी ने बताया कि जानकारी में आया है कि कुछ लोग गाड़ी से आए थे और बच्चे को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। बताया कि अगर कोई दंपती बच्चे का पालन पोषण करना चाहता है तो कानूनी कार्रवाई कर सौंप दिया जाएगा।