तंबौर/सीतापुर। खंभे से लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। परिजनों ने पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
सोमवार शाम तीन बजे तंबौर देहात के मजरा डल्लापुरवा निवासी नन्हू (15) खेत की तरफ जा रहा था। तभी गांव के पूरब हनुमान मंदिर के पास लगे खंभे से टूटकर लटक रहे तार की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बांस बल्लियों से तार को हटाकर उसे छुड़ाया और अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता राजू ने थाने में तहरीर देकर पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। राजू ने कहा कि तार शनिवार से लटक रहा था। गांव के कई लोगों ने फोन से कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इसके बावजूद ठीक नहीं कराया गया। पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई की जाए। इंस्पेक्टर ओपी राय ने बताया कि मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।