सीतापुर। शहर में डेंगू का प्रकोप फैलता जा रहा है। रोजाना डेंगू के नए मामले आ रहे है। डेंगू से लोगों की मौतें भी हो रही है। लेकिन इससे बचाने के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे है। यह हालात तब है जब नगर पालिका द्वारा प्रतिमाह करीब 1.50 लाख रुपये फॉगिंग के नाम पर खर्च किए जा रहे है। इसके बावजूद शहर में फॉगिंग सही से नहीं हो पा रही है। बाशिंदों का दावा है कि फॉगिंग केवल कागजों पर ही चल रही है। इससे शहर में संक्रामक रोगों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
इस समय शहर में संक्रामक रोग तेजी से फैल रहे है। डेंगू का डंक लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। इसको रोकने के लिए शहर में इंतजाम हांफ रहे है। हालात दिन प्रतिदिन खराब हो रहे है। डेंगू से शहर में बुधवार को एक मौत हो गई। कई लोग डेंगू से बीमार है। जबकि नगर पालिका द्वारा शहर में फॉगिंग कराने का दावा किया जा रहा है। प्रतिमाह करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च करने की बात कही जा रही है। लेकिन नगर पालिका के इस दावे की पोल मोहल्लों की सफाई व्यवस्था खोल रही है।
तरीनपुर, विकास नगर, विजयलक्ष्मी नगर, मुंशीगंज सहित तमाम मोहल्लों में गंदगी फैली हुई है। यहां के निवासी सूरज व अजय का कहना है कि नगर पालिका द्वारा मुंशीगंज इलाके में एक बार भी फागिंग नहीं कराई गई है। सिविल लाइन वार्ड के सभासद अश्वनी शुक्ल ने बाकायदा ईओ को शिकायती पत्र देकर फॉगिंग कराने की मांग की है। इससे शहर में संक्रामक रोग तेजी से फैल रहे है। इससे लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे है।
जिला अस्पताल में भी केवल दवाई
जिला अस्पताल में डेंगू से बचाव के लिए वार्ड तो बना दिया गया है लेकिन यहां पर भी बचाव के इंतजाम नाकाफी है। इस वार्ड में तीन मरीज भर्ती है। जिले में डेंगू की जांच व सामान्य तौर पर इलाज की सुविधा है। अगर किसी मरीजों को प्लेटलेट्स चढ़ाने की जरूरत पड़ जाए तो इसकी कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में गंभीर मरीजों को रेफर करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता है। अस्पताल में ही जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे है। इससे अस्पताल में डेंगू फैलने का खतरा बना हुआ है। जिला अस्पताल के रैन बसेरा व दवा काउंटर के पास गंदगी फैली हुई है।
डेंगू से हुई मौत
शहर के सिविल लाइन निवासी आर्या चौधरी डेंगू की चपेट में आ गई। पहले प्राइवेट चिकित्सकों को दिखाया। जब फायदा नहीं हुआ तो उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। लखनऊ ले जाते वक्त आर्या की मौत हो गई।
कई मोहल्लों में फैल चुका है डेंगू
सिविल लाइन के ही मोहित व उदित को बुखार आ रहा था। उसके बाद जांच करवाई। चिकित्सकों ने डेंगू होने की पुष्टि की। उनका इलाज चल रहा है। चुंगी चौकी निवासी विक्की वर्मा के छोटे भाई को डेंगू हो गया। उनका इलाज भी हो रहा है। इसके अलावा विकास नगर में भी कई लोग डेंगू की चपेट में आ चुके है।
नगर पालिका की ओर से मोहल्लों में रोजाना सफाई व फागिंग कराई जा रही है। संक्रामक रोगों से बचाव के लिए इंतजाम किए जा रहे है।
- वैभव त्रिपाठी, ईओ