तंबौर के बेहटा चौराहे पर अनुपमा द्विवेदी की अगुवाई में कांग्रेसियों का मंहगाई के खिलाफ सड़क जाम?
- फोटो : SITAPUR
तंबौर (सीतापुर)। घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल के कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कांग्रेस की पूर्व विधानसभा उम्मीदवार अनुपमा द्विवेदी के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की।
गुरुवार को लहरपुर विधानसभा से कांग्रेस की उम्मीदवार रहीं अनुपमा द्विवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं में महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर घरेलू गैस के बढ़े दामों को कम करने के लिए आवाज बुलंद की। कांग्रेसी नेताओं ने चुनाव बाद बढ़ रहे डीजल-पेट्रोल के दामों को मांग करने के लिए नारेबाजी की।
कांग्रेस नेता अनुपमा द्विवेदी के नेतृत्व में महंगाई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता लहरपुर तंबौर मार्ग पर बैठ कर गए। करीब 30 मिनट तक कांग्रेसियों ने सड़क पर बैठकर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़े मूल्यों को वापस लेने की बात कहते नजर आए।
कांग्रेस नेता अनुपमा द्विवेदी ने कहा कि गैस और तेल में दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। केंद्र सरकार ने ग्रामीणों को मुफ्त में गैस सिलेंडर तो दिया, लेकिन अब लोग उसे भराने के लिए पैसे नहीं जुटा पा रहे हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से इससे भी आम आदमी परेशान हो रहा है। सरकार को आम जनता का ध्यान रखते हुए बढ़े हुए दामों को कम करे। कांग्रेस जनता के हित के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।