फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट के पैसे से प्रेमिका को दिया था प्लॉट

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके की कलेक्ट्रेट कालोनी में करीब 28 दिन पहले सहायक कोषाधिकारी की पत्नी पर हमलाकर हुई लूटपाट की वारदात का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। बदमाशों ने करीब 11 लाख का कैश और 15 लाख के जेवरात लूटे थे। शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटना का राजफाश करते हुए वारदात में शामिल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

लुटेरों के कब्जे से लूटा गया और कैश ज्वैलरी बरामद हो गई है। शिकंजे में आए एक बदमाश ने लूट की रकम से अपनी गर्ल फ्रेंड को गिफ्ट में प्लाट दिया था। पुलिस ने दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। कलेक्ट्रेट कॉलोनी में रह रहीं ट्रेजरी विभाग के सहायक कोषाधिकारी सरोज मिश्रा की पत्नी सौम्या मिश्रा (45) पर 2 अगस्त को दिनदहाड़े दो बदमाश धारदार हथियार से हमलाकर लूटपाट के बाद मौके से फरार हो गए थे।
एसपी आरपी सिंह ने खुलासे के लिए सीओ सिटी पीयूष सिंह, शहर कोतवाल टीपी सिंह, क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमों को लगाया था। शनिवार को पुलिस लाइंस में एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे में लगी पुलिस टीमों को मुखबिर की मदद से कई सुराग मिले।
विज्ञापन

शहर कोतवाली, क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के वैदेही वाटिका के पास छापेमारी कर शहर कोतवाली इलाके के नई आबादी गदियाना निवासी फहीम उर्फ शालू उर्फ सुल्तान, दुर्गापुरवा निवासी शुभम प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने सहायक कोषाधिकारी के घर लूटपाट और उनकी पत्नी पर बांके से हमला करने का गुनाह कुबूल किया है। एएसपी ने बताया कि बदमाशों ने कुबूला कि घर से 11 लाख का कैश और करीब 15 लाख के जेवरात लूटकर ले गए थे। बदमाशों की निशानदेही पर दुर्गापुरवा के पास गड़ी हुई पूरी ज्वैलरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
इसके अलावा लूटे गए कैश में से 7 लाख 84 हजार रुपये बरामद हुए हैं। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए एक बदमाश ने कुबूला है कि लूट करने के बाद लूट की करीब ढाई लाख रुपये से नैपालापुर में अपनी गर्ल फ्रेंड को 500 स्क्वॉयर फिट का प्लॉट गिफ्ट में दे दिया था।
एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट के दौरान हमले का केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान सीओ सिटी पीयूष सिंह, शहर कोतवाल टीपी सिंह मौजूद रहे।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
वारदात के खुलासे में शामिल पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए एसपी आरपी सिंह ने 25 हजार का इनाम दिया है। घटना के वर्कआउट में शहर कोतवाल टीपी सिंह, एसआई शशांक पांडेय, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम के एसआई अजय रावत, मनीष सिंह, सिपाही लक्ष्मण सिंह, अमित कश्यप, अशोक कुमार, रवि वर्मा, आनंद कुमार, अंकुर, उमेश शामिल रहे।
रैकी के बाद अंजाम दी थी वारदात
शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि शिकंजे में आए बदमाशों ने रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश फहीम कपड़े की दुकान पर काम करता है, जबकि शुभम नारियल पानी बेचता था। बताया कि ब्लड प्रेशर के मरीज होने की वजह से शुभम सहायक कोषाधिकारी के घर नारियल पानी देने आता था, इससे उसे पूरे घर की धीरे-धीरे जानकारी हो गई थी।
वह पिछले कई दिनों से घर की रैकी कर रहा था, जिस दिन घटना हुई। उस दिन भी सुबह से ही रैकी शुरू कर दी थी। सहायक कोषाधिकारी के जाने के बाद मौका पाकर शुभम ने अपने साथी फहीम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
प्रेमिका को गिफ्ट प्लॉट के दस्तावेज हुए सीज
एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि बदमाश फहीम ने अपनी जिस गर्लफ्रेंड को प्लॉट गिफ्ट किया था, घटना के खुलासे के बाद बैनामा कराए गए अब उस प्लॉट के कागजात को कब्जे में लेकर पुलिस ने सीज कर दिया है। शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि बदमाश की गर्ल फ्रेंड नैपालापुर की रहने वाली है। मामले में जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें