सीतापुर। धनतेरस पर मंगलवार जिले में जमकर धन वर्षा होगी। धनतेरस की खरीदारी को लेकर बाजार पूरी तरह से तैयार है। जिले में करीब एक अरब के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। इस कारोबार में बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रानिक, सराफा आदि व्यापार शामिल हैं।
मिट्टी के गणेश लक्ष्मी की मूर्तियों से लेकर चांदी की मूर्तियां बाजार में धूम मचा रही हैं। इलेक्ट्रानिक बाजार में मोबाइल सहित टीवी, फ्रिज व तमाम आइटम ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। बाइक व चार पहिया वाहनों की बाजार में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। बर्तन कारोबार भी अपनी ऊंची उड़ान भरने को तैयार है।
एक से बढ़कर एक शानदार बर्तनों की सीरीज ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करेगी। इस धनतेरस पर अधिक बिक्री की उम्मीद लगाए व्यापारियों ने तैयारी पूरी कर ली है। वह सोमवार को दुकानों को सजाने में जुटे रहे।
खनकने लगे बर्तन बाजार
धनतेरस पर बर्तनों का विशेष महत्व होता है। हर इंसान कोई न कोई बर्तन अपने घर जरूर ले जाता है। इसलिए सबसे अधिक बिक्री व भीड़ बर्तनों की दुकानों पर ही उमड़ती है। इस बार नए तरह के कई आइटम बाजार में आए। जिसमें शानदार गिलास, थाली, कटोरा, चम्मच, कुकर, गैस चूल्हा, फ्राइदान, बाल्टी आदि प्रमुख है। बर्तन व्यापारी गगनदीप ने बताया कि बाजार पूरी तरह से तैयार हो गया है। अब सुबह ग्राहकों का इंतजार किया जाएगा। उम्मीद है कि इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक बिक्री होगी।
चमक बिखेर रहा सर्राफा बाजार
सर्राफा बाजार चमक बिखरने लगा है। इस बार व्यापारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। व्यापारी मनोज कुमार महेंद्र ने बताया कि इस बार गणेश लक्ष्मी की चांदी की 20 ग्राम की मूर्ति 1450 रुपये में उपलब्ध है। जबकि एक किलो की करीब 67 हजार रुपये में हैं। डालर 20 ग्राम का 1400 रुपये में बिक रहा है। चांदी का सिक्का 600 रुपये में है। अधिकतर ग्राहक डालर व चांदी का सिक्का ही खरीदते है। गणेश लक्ष्मी की मूर्तियों की बिक्री तो होती है। लेकिन महंगाई के चलते कम ही लोग इन्हें खरीदते हैं।
इलेक्ट्रानिक बाजार में भी बढ़ी रौनक
धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक बाजार में भी जमकर खरीदारी होने की उम्मीद है। व्यापारियों ने शोरूम सजाकर तैयार कर लिए है। इस बार इलेक्ट्रानिक बाजार में मोबाइल, एलईडी, जूसर, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन सहित तमाम उपकरण लोगों को पसंद आएंगे। व्यापारियों ने इन आइटमों की कई सीरीज मंगवाई है। इससे इस बाजार में भी काफी बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है।
वाहन बाजार भी भर रहे रफ्तार
वाहन बाजार भी धनतेरस पर रफ्तार भरने को तैयार हैं। आंख अस्पताल रोड के एक बाइक के शोरूम मालिक अशोक अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को 15 लोगों ने धनतेरस पर अपना वाहन खरीदने के लिए एडवांस में बुकिंग करा ली है। जिन लोगों ने अभी तक बुकिंग नहीं करवाई है, उन लोगों के सुबह जल्द आने की उम्मीद है। इसी तरह चार पहिया वाहन कारोबार में एडवांस बुकिंग तेजी से चल रही है। कार शोरूम के जीएम सचिन शुक्ला ने बताया कि 150 वाहन एडवांस में बुक हो चुके है। इससे वाहन बाजार में भी रौनक दिनभर छाई रहेगी।