अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लखनऊ की एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। परिवारीजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव लेकर घर चले गए। पुलिस जानकारी से इन्कार कर रही है।
लखनऊ के थाना इंटौजा इलाके के हालूपुर निवासी सूर्यकली (60) पत्नी वंश बहादुर सिंह शुक्रवार को अपने घर से भतीजे अभय सिंह (20) के साथ बाइक से अटरिया इलाके के जयपालपुर गांव स्थित मायके आ रही थी। बताया जाता है कि बाइक सवार दोनों लोग नेशनल हाईवे पर जयपालपुर गांव के पास पहुंचे थे कि उसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे वाहन ने महिला को टक्कर मार दी, इससे दोनों लोग घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी लेकिन मौके पर ही वृद्धा की मौत हो गई जबकि उसके भतीजे की हालत खतरे से बाहर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवारीजन शव लेकर घर चले गए।