सीतापुर। वायरल बुखार का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बुखार से ग्रसित तीन बच्चे भर्ती किए गए है। अन्य बीमारियों के 10 बच्चे भर्ती हुए है। इससे बच्चा वार्ड के बेड फुल हो गए है।
जिले में वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रोजाना जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को इमलिया सुल्तानपुर इलाके के रामपुर भौरा निवासी कान्हा (1), मानपुर थाना क्षेत्र के भौलीकलां निवासी नंदनी (12), रामकोट इलाके के लक्ष्मनपुर निवासी अलिया (2) को बुखार के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इन बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा अन्य बीमारियों से ग्रसित 10 बच्चे भर्ती हुए है। इस दौरान किसी भी बच्चे की मौत नहीं हुई है।
सीएमएस डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज किया जा रहा है। इस समय बच्चों की संख्या बढ़ी है। अधिकतर बच्चे वायरल बुखार, निमोनिया से ग्रसित हो रहे है। बच्चों को भर्ती करने के लिए पर्याप्त संख्या में अस्पताल में बेड मौजूद है। उम्मीद है कि अब मौसम में बदलाव के बाद मामले कम हो जाएंगे।