फोटो-01 जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती बच्चा। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। वायरल का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बुखार की चपेट में एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि सात बच्चे तेज बुखार के चलते अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इमलिया सुल्तानपुर इलाके के अटरिया निवासी नितेश (10 माह) को तेज बुखार के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान नितेश की शुक्रवार को मौत हो गई।
रामकोट इलाके के उत्तम(6), रामपुर कलां के भैयालाल(2), सदरपुर इलाके के अनर्व(1), रामकोट इलाके की कोमल(6), बिसवां इलाके के अंश पटेल(3 माह), हरगांव इलाके के कसीन (12) व इमलिया सुल्तानपुर इलाके के सत्यम (7) को भर्ती कराया गया है। बच्चे बुखार सहित अन्य बीमारियों से ग्रसित है। भर्ती करने के बाद चिकित्सकों ने इनका तत्काल इलाज शुरू कर दिया है। अब इनकी हालत में सुधार हो रहा है।
प्रिंटर खराब होने से लौटे मरीज
जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार की सुबह मरीजों ने पैथालॉजी की जांच कराई। वह दो बजे रिपोर्ट लेने पहुंचे तो यह कहकर वापस कर दिया गया, कि प्रिंटर खराब है, सोमवार को आइये। तमाम गंभीर बीमारी से पीड़ित जो डॉक्टर को रिपोर्ट दिखवाकर दवा लेने चाहते थे। लेकिन उनको रिपोर्ट नहीं मिल सकी। यहां पर बैठे कर्मचारियों ने भी मरीजों से अभद्रता तरीके से बात की।
किया जा रहा इलाज
बुखार सहित अन्य बीमारियों से बच्चे ग्रसित हो रहे है। अस्पताल आने वाले बच्चों को भर्ती करके इलाज किया जा रहा है। - डॉ. अनिल अग्रवाल, सीएमएस