सीतापुर/रामकोट। मिश्रिख से गिट्टी उतारते हुए रविवार को जिला मुख्यालय की ओर जा रही मालगाड़ी का एक डिब्बा रामकोट रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतर गया। हादसा होते ही हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मालगाड़ी के बेपटरी होने से बालामऊ से यात्रियों को लेकर आ रही बालामऊ वाया शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन को मिश्रिख में ही रोकना पड़ा।
करीब पांच घंटे तक ट्रेन खड़ी रही, इससे मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैक को बहाल करने की कार्रवाई तेजी से चल रही थी। सीतापुर से मिश्रिख रेल ट्रैक पर इन दिनों मरम्मत का कार्य चल रहा है। मालगाड़ी गिट्टी लादकर मरम्मत वाले स्थल पर गिराती हैं। रविवार को भी काम चल रहा था। बताया जाता है कि रविवार को तीन बजकर 25 मिनट पर मिश्रिख से गिट्टी लादकर जिला मुख्यालय की ओर जा रही मालगाड़ी के एक डिब्बे के चारों पहिये रामकोट रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतर गए।
इसकी जानकारी होते ही चालक ने गाड़ी रोकी। घटना से रेलवे के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आननफानन में मौके पर बालामऊ के मुख्य खंड अभियंता रेलवे, सिटी स्टेशन मास्टर श्रीराम व अन्य रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेल कर्मियों को राहत कार्य में लगाया गया।
मालगाड़ी के पिछले हिस्से को मिश्रिख और आगे के हिस्से को इंजन से सीतापुर लाया गया। इसके बाद बेपटरी हुए डिब्बे में लदी गिट्टी को उतारकर डिब्बे को ट्रैक से हटाकर रास्ता बहाल करने में रेल कर्मी जुट गए। रात करीब साढ़े आठ बजे तक ट्रैक को बहाल करने के लिए काम तेजी से चल रहा था। मालगाड़ी के बेपटरी होने से इसका असर बालामऊ से मुसाफिरों को लेकर आ रही बालामऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन पर पड़ा। इस ट्रेन को मिश्रिख में ही रेलवे को रोकना पड़ा।
मिश्रिख से इस ट्रेन के छूटने का समय 03:37 बजे है, लेकिन रास्ता बहाल नहीं होने से ट्रेन मिश्रिख में ही खड़ी रही। करीब पांच घंटे से अधिक समय तक ट्रेन के खड़े रहने से उसमें सवार यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसी को काम से जल्दी पहुंचना था तो परिवार के साथ सफर कर रहे लोग काफी परेशान हुए। देर रात तक रामकोट रेलवे स्टेशन पर रेलवे के अधिकारी मौजूद थे और ट्रैक को बहाल करने का काम चल रहा था। खबर लिखे जाने तक ट्रैक से डिब्बे को हटाया नहीं जा सका था।
54 डिब्बों की मालगाड़ी, 22वां डिब्बा पटरी से उतरा
गिट्टी लेकर जा रही मालगाड़ी 54 डिब्बों की है। रामकोट स्टेशन से 21 डिब्बे गुजर गए थे, लेकिन 22वां डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया, इससे हादसा हुआ। दोनों तरफ के हिस्सों को सीतापुर और मिश्रिख भेजा गया है।
पांच घंटे बाद भी नहीं आ सकी थी दुर्घटना राहत गाड़ी
रेल विभाग कितना हाईटेक है, इसकी बानगी रविवार को सामने आई। 03:25 बजे रामकोट रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी का पहिया पटरी से उतरा। इसके बाद ट्रैक को बहाल करने का कार्य शुरू किया गया। इसके लिए रेलवे ने ट्रैक से डिब्बे को हटाने के लिए एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (दुर्घटना राहत गाड़ी) को मौके पर बुलाया, लेकिन रात सवा आठ बजे तक मौके पर दुर्घटना राहत गाड़ी नहीं पहुंच सकी थी। इस गाड़ी के पहुंचने के बाद ही डिब्बे को ट्रैक से हटाया जा सकेगा।
हादसे की इंजीनियर करेंगे जांच
सीतापुर-मिश्रिख रेल ट्रैक पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। रविवार को गिट्टी उतारते हुए मिश्रिख से सीतापुर की ओर से आ रही मालगाड़ी का एक पहिया रामकोट स्टेशन से पटरी से उतर गया है। कोई हादसा नहीं हुआ है। दोनों हिस्सों को सीतापुर, मिश्रिख भेजा गया है। इस हादसे की वजह से बालामऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन बाधित हुई है। ट्रैक को बहाल किया जा रहा है। दुर्घटना राहत गाड़ी मंगाई गई है। हादसे की इंजीनियर जांच करेंगे।
- श्रीराम, स्टेशन मास्टर सिटी स्टेशन