हरगांव (सीतापुर)। चचेरे साले के साथ घर जा रहे युवक की रंजिश में गोलियों से भूनकर की गई हत्या के मामले में नामजद प्रधान समेत चार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तालगांव इलाके के कंजा शरीफपुर निवासी हसीब (28) शनिवार को चचेरे साले शफीक के साथ बाइक से घर जा रहा था। इस बीच हरगांव इलाके में लहरपुर-हरगांव मार्ग पर ककरहिया चौराहे से आगे कार सवारों ने हसीब के सिर में ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर मौके पर ही हत्या कर दी थी।
एसपी आरपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच कर हत्या आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। मृतक के भाई अनीस की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रधान इसरार, उसके भाई पप्पू, कल्लू, छोटे, जान मो. इकरार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थी।
रविवार को मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास हंगामा कर प्रदर्शन किया था। एसओ ने आश्वासन देकर शांत करा दिया था। एसओ हरगांव ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने घटना में नामजद आरोपी इकरार, जन्नू, प्रधान इसरार, उसके भाई कल्लू को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है।
वारदात में इस्तेमाल दो असलहे, कारतूस और बोलेरो बरामद हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी कोरैया पुल के पास से हुई है। एसओ का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।