सीतापुर। रैलियों में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। चयनित आयोजन स्थलों की क्षमता से आधी संख्या में ही लोगों को जुटने की अनुमति प्रदान की जाएगी। यह निर्देश देते हुए डीएम ने रैली मैदान के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए।
डीएम विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व रिटर्निंग अधिकारियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि मतदाता सूची बनाने में सभी अपना सहयोग दें ताकि सभी को मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एनपी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पूजा मिश्रा, सभी एसडीएम, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कोविड टीकाकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत टीकाकरण कराए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं के लिए सभी ग्राम पंचायतों में स्थान चिह्नित कर शासनादेश में दिए गए निर्देशों के क्रम में व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। आहार, चारा व भूसा की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम प्रधानों की होगी। उन्होंने शीतलहर के दृष्टिगत आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।