सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में 1400 नौनिहाल फर्जी मिले हैं। इन्होंने डीबीटी स्कीम का लाभ लेने के लिए दो से तीन विद्यालयों में आवेदन किया है। शासन स्तर पर जब जांच हुई तो इनके नाम, जन्मतिथि व अन्य जानकारी एक ही जैसी मिली। आधारकार्ड के जरिए इनके फर्जीवाड़े का पूरा खुलासा हुआ। इसके बाद इनको लाभ से वंचित कर दिया गया है।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों को जूता-मोजा, स्वेटर व बैग सहित तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रत्येक नौनिहाल को 1100 रुपये जूता-मोजा, यूनीफार्म, बैग व स्वेटर की खरीद के लिए दिए जा रहे हैं। यह धनराशि सीधे नौनिहालों के अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
जिले में 97860 नौनिहालों को इसका लाभ नहीं मिल सका था। कारण यह कि किसी का खाता आधारकार्ड से जुड़ा नहीं है, किसी ने तीन माह से अधिक समय से खातों को चालू नहीं रखा है तो वहीं किसी ने खाता संख्या व आईएफसी कोड ही गलत फीड कर दिया है। शासन ने इन नौनिहालों की सूचना वापस बीएसए को भेज दी थी। इसके बाद जिला स्तर पर शिक्षकों से जांच करवाई गई।
जांच में अन्य सभी नौनिहालों की कमियां दूर करा दी गई हैं। इनको लाभ भी दिलवाया जा चुका है जबकि 1400 ऐसे बच्चे मिले हैं जिन्होंने डीबीटी स्कीम का लाभ पाने के लिए दो से लेकर तीन विद्यालयों में आवेदन किया है। आधारकार्ड के जरिए इनकी चोरी पकड़ में आ गई। इस पर इन्हें लाभ से वंचित कर दिया गया है।
डीबीटी स्कीम में फर्जी तरीके से पकड़े गए दाखिले केवल जिले तक ही सीमित नहीं हैं। 1400 फर्जी दाखिलों में कई ऐसे बच्चे मिले हैं जिन्होंने सीतापुर जिले में दाखिला लिया, उसके बाद दूसरे जिले से लाभ लेने के लिए भी आवेदन कर दिया। इससे जिला व पता तो बदल गया लेकिन आधारकार्ड का नंबर एक ही होने से फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। दो जगहों से लाभ के चक्कर में इनको पूरी योजना से ही बाहर कर दिया गया है।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में 5.74 लाख नौनिहाल नामांकित हैं। पहले चरण में 2.14 लाख नौनिहालों को डीबीटी स्कीम का लाभ दिया जा चुका है। दूसरे चरण में 1.64 लाख नौनिहाल इसका लाभ लेकर जूता-मोजा, यूनीफार्म, बैग व स्वेटर खरीद चुके हैं। तीसरे चरण में भी बच्चे लाभान्वित किए जा चुके हैं। अब महज करीब 40 हजार नौनिहाल बचे हैं जिन्हें दो से तीन दिन के अंदर लाभ दे दिया जाएगा।
बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि डीबीटी के तहत 90 फीसद से अधिक नौनिहाल लाभ पा चुके हैं। सभी नौनिहालों की फीडिंग हो गई है। इनको भी जल्द लाभ दे दिया जाएगा। आधारकार्ड के जरिए करीब 1400 नौनिहालों के आवेदन कई जगहों से मिले हैं।