सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में कलेक्ट्रेट कालोनी में सोमवार को दो बदमाशों ने घर में घुसकर सहायक कोषाधिकारी की पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर बदमाश मौके से भाग गए। पीड़िता के पति ने घटना में लूट की आशंका जताई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
सरोज मिश्रा ट्रेजरी विभाग में सहायक कोषाधिकारी हैं। वह कलेक्ट्रेट कालोनी में पत्नी सौम्या मिश्रा (45) के साथ रहते हैं। इनका एक मकान आवास विकास में है, जहां पर इनके दो बेटे रहते हैं। सहायक कोषाधिकारी हार्ट के मरीज हैं। सोमवार को वह अपने बेटे श्रीधर मिश्रा के साथ कार से लखनऊ इलाज के लिए गए थे। घर पर उनकी पत्नी अकेली थी।
दोपहर करीब डेढ़ बजे बदमाश कलेक्ट्रेट कॉलोनी स्थित सहायक कोषाधिकारी के आवास पर पहुंचे। बेल बजाकर दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही दो लोग अंदर घुस गए। बदमाशों ने सौम्या मिश्रा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर बदमाश भाग निकले। हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घटना की जानकारी पाकर आसपास के लोग उनके घर पहुंचे, जहां वे खून से लथपथ पड़ी थी। फौरन पड़ोसियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि हालत खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी पीयूष सिंह, शहर कोतवाल टीपी सिंह, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। आसपास के लोगों का कहना है कि घर से भागते समय एक बदमाश के हाथ में बोरी देखी गई है। बोरी में क्या था... यह अभी तक साफ नहीं हो सका है। महिला अभी कुछ बता पाने में असमर्थ है।
सीसीटीवी कैमरे में नहीं कैद हुए बदमाश
वारदात के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित लालबाग पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, लेकिन पुलिस को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है। घटना जिस वक्त हुई और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर बदमाशों को जो हुलिया है, उस तरह का कोई भी व्यक्ति कैमरे में कैद नहीं हुआ है।
घटना का जल्द होगा खुलासा
मामले में जांच की जा रही है। पीड़िता के पति की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के पति सरोज ने तहरीर में कुछ रुपये और जेवर चोरी होने की आशंका जताई है। घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच हो रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- पीयूष सिंह, सीओ सिटी