मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली इलाके के मोहल्ला रन्नूपुर वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को घर के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक किशोरी जिंदा जल गई। किशोरी की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों से लेकर मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है। सभी ने पॉवर कारपोरेशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिश्रिख इलाके के मोहल्ला रन्नूपुर वार्ड नंबर-3 निवासी रीना कश्यप (14) पुत्री राकेश और उसके परिवार के लोग चारदिन पहले नये घर में गृह प्रवेश कर आए थे। बताया जाता है कि पड़ोस में मौत हो गई थी। शुक्रवार की सुबह किशोरी घर की छत पर खड़ी होकर शव देख रही थी। इस बीच ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में किशोरी आ गई। घटना की जानकारी परिवार के लोग और मोहल्लेवासी जब तक मौके पर पहुंचकर बचाने का प्रयास करते, तब तक किशोरी की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी।
इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों से लेकर मोहल्ले के लोगों में पॉवर कारपोरेशन की लापरवाही को लेकर जबरदस्त गुस्सा है। परिवार और मोहल्ले के लोगों का कहना है कि ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग के जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन इसके बाद भी किसी ने सुध नहीं ली। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच पड़ताल आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हम लोग भी बहुत परेशान हैं
बिजली की लाइन पहले से निकली होती है। बाद में लोग घर बना लेते हैं। लाइन को हटाने में काफी खर्च होता है। सरकार की ओर से इसका कोई बजट नहीं आता है। न इसकी कोई निधि है। हम भी बहुत परेशान रहते हैं। क्या करूं। फिलहाल मामले को दिखवाता हूूं। समस्या के समाधन के लिए विधायक से बात कर मदद मांगी जाएगी। - नंदलाल, एसी