रेउसा के दुर्गापुरवा में कटान करती शारदा नदी। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
रेउसा (सीतापुर)। बिसवां तहसील में शारदा व सरयू नदी का जलस्तर कम हो रहा है लेकिन कटान का खतरा बढ़ रहा है। दुर्गापुरवा गांव अब नदी के निशाने पर आ गया है। इस गांव के तीन घरों के नजदीक पानी पहुंचने से लोगों ने अपना आवास तोड़ लिया है। गांव से पलायन कर गए है। अब सात घरों पर कटान का खतरा मंडराने लगा है। इससे यहां लोग पलायन की तैयारी में जुट गए है।
बिसवां तहसील में शारदा व सरयू नदी बह रही है। बैराजों से छोड़े जा रहे पानी से जलस्तर में कोई खास इजाफा नहीं हुआ है। लेकिन पहले से उफनाई नदियों के कारण अब कटान तेज हो गई है। फौजदारपुरवा गांव का अस्तित्व मिटने के बाद अब नदी दुर्गापुरवा को निशाने पर ले रही है। यहां के नन्हकऊ, तोताराम व अमेरिका के घर के नजदीक पानी पहुंच गया।
इससे इन लोगों ने अपने पक्के मकान तोड़कर पलायन कर गए। इन लोगों ने आसारामपुरवा, रामलालपुरवा व दुलामऊ मार्ग पर अपने अस्थायी झोपड़ी डालकर गुजर बसर कर रहे है। जबकि रामनरेश, गुरू प्रसाद, कमलेश, खिलावन, धर्मपाल, लल्लन, रामदर्शन के घरों पर कटान का खतरा बढ़ता जा रहा है। इन घरों के नजदीक नदी का पानी पहुंच गया है। इससे यह लोग अब पलायन करने की तैयारी में जुट गए है। वह घर गृहस्थी का सामान बटोर रहे है।
तहसीलदार अभिचल प्रताप सिंह ने बताया कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि नहीं हुई है। केवल कटान हो रही है। ग्रामीणों को कटान से अलर्ट रहने की चेतावनी दी गई है।