सीतापुर। शहर के नैपालापुर में चल रहे लखनऊ सिटी चिकित्सालय नर्सिग होम में एक मरीज की मौत के बाद सीएमओ ने नोटिस दी थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब जवाब नहीं मिला तो एसीएमओ अस्पताल पहुंचे तो यहां पर ताला बंद मिला। अब अस्पताल को सीज करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मालूम रहे कि तीन दिन पहले इस नर्सिंग होम में एक गर्भवती की मौत हो गई थी।
परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा था। सीएमओ ने बिना मानक पूर्ण किए ही चल रहे नर्सिंग होम को नोटिस दी थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र शाही अस्पताल पहुंचे तो यह बंद मिला। एसीएमओ ने बताया कि अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
इसके बाद टीम ने परसेंडी विकासखंड के ग्राम अंगरासी में संक्रामक रोग फैलने की शिकायत के आधार पर झोलाछापों के खिलाफ अभियान चलाया। यहां पर गुड्डू झोलाछाप टीम को देखते ही क्लीनिक बंद करके भाग गया। क्लीनिक को सीज कर दिया गया है। सीएचसी अधीक्षक परसेंडी को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है। टीम में जिला प्रशासनिक अधिकारी विभु त्रिपाठी मौजूद रहे। (संवाद)