जिला मलेरिया कार्यालय में रद्दी हुए जागरूकत पोस्टर। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिले का मलेरिया विभाग लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है। डेंगू व मलेरिया के प्रति लोगों में जागरूकता को लेकर आए पोस्टर कार्यालय में धूल फांक रहे हैं। इन पर गंदगी जम गई है। अफसरों की लापरवाही के कारण यह रद्दी बन गए है। मंगलवार को इन पोस्टरों को बेचने की तैयारी थी। कार्यालय के बाहर कबाड़ी वाला ठेलिया पर इन्हें लादने की तैयारी करता हुआ दिखाई दिया।
जिला मलेरिया के कार्यालय में मंगलवार को अमर उजाला की टीम पहुंची तो वहां पर जागरूकता वाले पोस्टर एक कोने में पड़े हुए मिले। इन पोस्टरों पर मलेरिया व डेंगू से बचाव के तौर तरीके लिखे हुए थे। पोस्टरों को पूरे जिले में लगाया जाना था, जिससे लोग डेंगू व मलेरिया के बारे में जानकार अपना बचाव कर सकें। लेकिन अफसरों की लापरवाही आम लोगों पर भारी पड़ रही है।
जब फोटोग्राफर ने एक पोस्टर को उठाकर पढ़ना शुरू किया तो वहां का एक कर्मचारी इसको देखकर भड़क गया। बोला, अब डेंगू व मलेरिया कहां चल रहा है। जब चलेगा, तब लगाए जाएंगे। पर शायद इन्हें नहीं मालूम कि इस समय वायरल फीवर का तेजी से लोगों को चपेट में ले रहा है।
जिला अस्पताल के बेड फुल हो गए है। बच्चे लगातार मलेरिया व डेंगू से संक्रमित हो रहे हैं। फिर भी यह संक्रामक रोगों से अनभिज्ञ बने हुए है। जबकि कार्यालय के बाहर एक कबाड़ी ठेलिया लिए हुआ खड़ा था। इससे आशंका जताई जा रही है कि इन पोस्टरों को रद्दी में बेचे जाने की तैयारी थी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनिल मिश्रा के मोबाइल पर कॉल की गई पर कॉल नहीं लग सकी। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने फोन नहीं उठाया।