सीतापुर। दिल्ली वाया सीतापुर रूट पर बस में सफर करने वाले मुसाफिरों के लिए अच्छी खबर है। रक्षाबंधन पर बसों की मारामारी नहीं होगी। पर्व के मद्देनजर यात्रियों को सहूलियत को देखते हुए सीतापुर डिपो ने दिल्ली रूट पर 10 और बसें चलाने का फैसला लिया है। गुरुवार से ये व्यवस्था लागू होने जा रही है। अगले एक सप्ताह तक इस रूट पर बढ़ी बसें फर्राटा भरकर यात्रियों के सफर को सुगम और आसान बनाएंगी।
22 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। जिले के बहुत सारे लोग दिल्ली में रहकर काम करते हैं। त्योहार पर यह लोग छुट्टी में घर वापसी करते हैं। रक्षाबंधन में घर वापसी करने वाले यात्रियों की संख्या काफी होती है। ऐसे में त्योहार में लोगों को बसों की किल्लत का सामना न करना पड़े, परेशान न होना पड़े, उनका सफर सुगम और आसान हो, इसलिए सीतापुर परिवहन निगम ने इस रूट पर 10 और बसें बढ़ाने का फैसला लिया है।
अभी दिल्ली वाया सीतापुर रूट पर 24 बसें अप-डाउन करती हैं। बसों की संख्या बढ़ने से इस रूट पर 34 बसें फर्राटा भरने लगेंगी। यह व्यवस्था 19 अगस्त से लागू होने जा रही है। 26 अगस्त तक इस रूट पर बढ़ी हुई बसें चलेंगी। एआरएम राकेश कुमार का कहना है कि दिल्ली रूट पर यात्रियों के लिए बसें बढ़ने से उनका सफर आसान होगा। आने-जाने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। बसों की वजह से किसी यात्री को परेशान होना नहीं पड़ेगा। पूरी तैयार कर ली गई है। कल से बसों के फेरे रूट पर बढ़ जाएंगे।
यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
रक्षाबंधन 22 को है, लेकिन परिवहन निगम तीन दिन पहले ही दिल्ली रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने जा रहा है। इसको लेकर जिम्मेदारों का कहना है कि जिन यात्रियों को रक्षाबंधन पर्व पर अपने घर आना है। वह त्योहार से एक-दो दिन पहले ही निकलेंगे। इसलिए उसी हिसाब से तैयारी की गई है, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। इसलिए 19 से ही बसें बढ़ाई गई हैं।
इन रूटों से हटाई गईं बसें
एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि त्योहार में मुख्य फोकस दिल्ली रूट को लेकर है। इस रूट से यात्री अधिक आते हैं, जबकि अन्य रूट पर मुसाफिर कम हो जाते हैं। बताया कि तिकोनिया, मथुरा, प्रयागराज, अजमेर समेत अन्य रूटों पर जाने वाली कई बसों को हटाकर दिल्ली रूट पर चलाया जाएगा।
आसपास के जिलों में जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बेेहतर सुविधा
रक्षाबंधन वाले दिन दिल्ली रूट से यात्री कम निकलने का परिवहन निगम को अनुमान है, जबकि सीतापुर के आसपास जिलों, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर, बहराइच समेत अन्य जिले जो 100 किमी. के दायरे में हैं, वहां जाने वाले यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा के इंतजाम किए गए हैं। एआरएम का कहना है कि इस पर्व के दिन 100 किमी. की दूरी वाले जिलों में बसों को भेजने और वहां जाने वाले यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इस पर पूरा फोकस रहेगा।
अनुबंधित बसों के भी बढ़ेंगे फेरे
पर्व के दिन गैर जिलों के अलावा लोग जिले के अलग-अलग हिस्सों में भी बस पर सवार होकर जाते हैं, ऐसे में परिवहन निगम मुसाफिरों की सहूलियत को देखते हुए अनुबंधित बसों के भी फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। किस पर कितनी सवारी निकलेंगी, किस रूट पर अधिक भीड़ होगी, उसी हिसाब से बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
दिल्ली रूट पर अभी 24 बसें चल रही हैं। 19 अगस्त से 26 अगस्त तक इस रूट पर 34 बसें चलाई जा रही है। रक्षाबंधन पर्व को लेकर यह फैसला लिया गया है, जिससे यात्रियों को सफर में कोई असुविधा न हो। लोकल में भी अनुबंधित बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। बाकी रक्षाबंधन वाले दिन देखा जाएगा, जिस रूट पर यात्री अधिक होंगे, वहां के लिए तत्काल में बसें बढ़ा दी जाएंगी।
- राकेश कुमार, एआरएम सीतापुर डिपो