खैराबाद कस्बे से शुक्रवार देर शाम खरीदारी कर बाइक से गांव लौट रहे दो युवकों को लहरपुर मार्ग पर एक ट्रक ने रौंद दिया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
खैराबाद के अकबरपुर खुर्द गांव निवासी अभिषेक राज उर्फ टिंकू (22) पुत्र स्व. राजकिशोर व संदीप उर्फ गोलू (19) पुत्र ताराचंद शुक्रवार को बाइक से खैराबाद गए थे। यहां से दोनों ने अपनी जरूरत का सामान खरीदा और देर शाम बाइक से गांव लौटने लगे।
बताते हैं कि जब ये दोनों खैराबाद में लहरपुर मार्ग पर समता धर्म कांटा के पास पहुंचे, तभी सामने से जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए।
हादसे के बाद घबराया ट्रक चालक वाहन मौके पर खड़ा कर भाग निकला। उधर, हादसे के बाद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। दोनों युवकों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर पाकर दोनों युवकों के परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस ने युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।