सीबीआई टीम बता पांच डकैतों ने सदरपुर के फरदापुर गांव के बाहर मकान बना कर रह रहे जीजा-साले के घर शुक्रवार रात धावा बोल दिया। बदमाशों ने पहले घर के बाहर सो रहे लोगों को निशाने पर लेकर कमरे में बंद कर दिया।
फिर दो घरों में घुसकर 90 हजार कैश, दो लाख के जेवर, कपड़े समेत करीब तीन लाख रुपये का माल पार कर दिया। किसी तरह बंधनमुक्त होकर घर के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
बिसवां-रेउसा मार्ग पर फरदापुर गांव है। राजकुमार वर्मा गांव के बाहर अपना मकान बना कर रह रहा है। उसके पड़ोस में ही बहनोई रामसजीवन उर्फ पप्पू का भी घर है। शुक्रवार रात को राजकुमार अपने बच्चों के साथ छत पर सो रहा था, जबकि उसका बहनोई व माता-पिता घर के बाहर लेटे थे।
रात करीब दो बजे पांच असलहाधारी बदमाश आ धमके। बदमाशों ने बाहर सो रहे लोगों को जगाया और खुद को सीबीआई टीम बताकर घरों में तलाशी लेने शुरू कर दी। इस पर राजकुमार के पिता ने भी दरवाजा खोल दिया। बदमाशों ने इन लोगों को एक कमरे मेें बंद कर दिया और घर में घुसकर छत पर सो रहे राजकुमार, उसकी पत्नी, बेटे व बहू को भी असलहे के बल पर बंधक बना लिया।
इन लोगों को एक अलग कमरे में बंद कर डकैत दोनों घरों से 90 हजार की नकदी, करीब दो लाख के जेवरात व कपड़े समेत तकरीबन तीन लाख का माल पार कर दिया। इसके बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ राजकुमार सरोज का कहना है कि वह मीटिंग में हैं। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।